रायपुरः छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का आगाज हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने युवा महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर साइंस कॉलेज स्थित दीनदयाल ऑडिटोरियम में युवाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं के सवालों का जवाब दिया और कहा कि निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण से ही सफलता मिलती है। युवा शक्ति के हाथों की विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की बुलंद इमारत खड़ी होगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने युवाओं से कहा कि "आप सब देश और प्रदेश के भविष्य हैं। एक सपना लेकर कि आप किस रूप में देश और प्रदेश की सेवा करना चाहते है, उसको हासिल करने के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से पढ़ाई करें। छत्तीसगढ़ राज्य में तकनीकी, मेडिकल, लॉ, मैनेजमेंट से संबंधित उच्च स्तरीय शैक्षणिक संस्थान हैं। प्रतियोगी परिक्षाओं की तैयारी के लिए रायपुर में नालंदा परिसर युवाओं के चौबीसों घंटे खुला है। नालंदा परिसर की तर्ज पर राज्य के अन्य जिलों में भी हाईटेक लायब्रेरी की स्थापना की जा रही है।"
युग प्रवर्तक स्वामी विवेकानंद जी ने भारत की सनातन संस्कृति और परंपराओं को विश्व स्तर पर पहचान दिलाई। वे युवाओं के प्रेरणास्त्रोत हैं, उनके विचार आज भी हम सभी के लिए प्रेरक और प्रासंगिक हैं।
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) January 12, 2025
आज राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित… pic.twitter.com/J5eULZyiMI
CM का युवाओं से संवाद
इस दौरान अंबिकापुर की अपूर्वा दीक्षित के प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा सीएम साय ने कहा कि जीवन में कई बार ऐसी परिस्थितियां आती है कि मन विचलित हो जाता है, परंतु हमें अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अडिग रहना होता है। उन्होंने इस सिलसिले में स्वामी विवेकानंद के जीवन से जुड़ी एक छोटी सी कहानी सुनाई और कहा कि स्वामी विवेकानंद बनारस में एक सन्यासी के साथ जा रहे थे, उसी समय बहुत सारे बंदरों ने स्वामी जी को घेर लिया, ऐसी स्थिति में स्वामी जी न तो डरे न ही अपनी जगह से डिगे। इसका परिणाम ये हुआ कि सारे बंदर भाग गए। उन्होंने युवाओं को आह्वान किया कि हमें भी अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए अडिग रहना है। दृढ़संकल्प से सारी समस्याओं का समाधान निकलेगा। रायगढ़ की छात्रा श्रुति के सवालों के जवाब में कहा कि हमें सफलता के लिए अपना एक क्षेत्र चुनकर पूरी दृढ़ता और मनोयोग के साथ प्रयास करने से सफलता मिलती है। बस्तर में शांति और विकास के संबंध में राजकुमार कुरेटी के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के नक्सल प्रभावित पांच जिलों में सुरक्षा और विकास को लेकर सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का संघर्ष
बलौदाबाजार की छात्रा मृणाल वाजपेयी ने मुख्यमंत्री बनने तक के सफर का सवाल किया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वह जशपुर के एक छोटे से गांव बगिया के रहने वाले है। आज उनके गांव की आबादी लगभग ढाई हजार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वह 10 साल के थे, तभी पिताजी का साया उनके सर से उठ गया। परिवार की पूरी जिम्मेदारी माता जी के ऊपर आ गयी। माता जी निडर महिला है बड़े धैर्य और निडरता से जिम्मेदारी सम्हाली। हमारे पालन-पोषण, पढ़ाई के साथ-साथ खेती-बाड़ी और घर का काम उन्होंने सम्हाला। माता जी को हमने अपना रोल मॉडल माना। बड़ा होने के नाते घर की जिम्मेदारी हमने अपने ऊपर ली। जिस समय पिता जी का स्वर्गवास हुआ उस समय मेरा छोटा भाई मात्र दो माह का था। छोटे भाईयों को पढ़ाया, लिखाया। हमने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरूआत पंच से की। पांच साल पंच रहे। गांव के लोगों ने हमारे अच्छे काम और ईमानदारी को देखकर हमें निर्विरोध सरपंच चुना। छह माह बाद ही विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए टिकट मिली और 1990 में तपकरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक बना। मुख्यमंत्री ने फिर अपने सांसद बनने, पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के मंत्री मंडल में राज्य मंत्री और मुख्यमंत्री बनने तक के सफर का उल्लेख किया और कहा कि उन्हें जब भी कोई जिम्मेदारी दी गई, उन्होंने उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक जीवन में दिलीप सिंह जूदेव और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी उनके रोल मॉडल रहे है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर सीएम ने कहा कि जिस तरीके से उन्होंने निर्णायक फैसले लिए है, वे मेरे ही नहीं, नई पीढ़ी के भी रोल मॉडल हैं।
युवा शक्ति के हाथों में भविष्य
राज्य युवा महोत्सव के शुभारंभ समारोह को संबोधित करते उन्होंने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में स्वामी विवेकानंद जी की बड़ी भूमिका है। अब युवा शक्ति के हाथों ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की बुलंद इमारत खड़ी होगी। हमारे युवा हमारे प्रदेश के भविष्य हैं। युवाओं की शक्ति और संकल्प के बूते ही हम प्रदेश के नवनिर्माण की राह पर तेजी से बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा बहुत प्रतिभावान हैं। उनके भीतर अनूठे विचार हैं। स्टार्टअप की छत्तीसगढ़ में बड़ी संभावना है। हम इसे प्रोत्साहित कर रहे हैं। हम कोवर्किंग स्पेस बना रहे हैं, जहां बेहद कम खर्च में स्टार्टअप आरंभ करने की इच्छा रखने वाला युवा अपना सेटअप स्थापित कर सकता है। आईटी सेक्टर को विशेष रूप से हम प्रेरित कर रहे हैं। नवा रायपुर में तेजी से आईटी कंपनियां अपने यूनिट आरंभ कर रही है। शीघ्र ही नवा रायपुर नये आईटी हब के रूप में स्थापित होगा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने युवाओं को उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए का प्रेरक संदेश दिया। स्वामी विवेकानंद ने देश और दुनिया में युवाओं को नई पहचान दी। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति की बदौलत वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ देश के विकसित राज्यों में से एक होगा। महोत्सव को उपमुख्यमंत्री अरूण साव और विजय शर्मा, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने भी सम्बोधित किया। समारोह में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, विधायक राजेश मूणत, गुरू खुशवंत साहेब, छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर सहित बड़ी संख्या में प्रदेशभर से आए युवा और आम नागरिक उपस्थित थे।