Shopping cart

Subtotal: $4398.00

View cart Checkout

समाचार सारथी डॉट कॉम' में आपका स्वागत है। यह एक ऑनलाइन मीडिया प्लेटफॉर्म है, जो आपको निष्पक्ष, संतुलित और विश्वसनीय समाचार प्रदान करता है। हमारी टीम के अनुभवी पत्रकार और समाचार विशेषज्ञ आपको राजनीति, अपराध, योजनाएं और मनोरंजन सहित अनेक विषयों पर जानकारी प्रदान करते हैं। हमारा नेटवर्क विभिन्न डिजिटल चैनलों के माध्यम से छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश सहित पूरे भारत से समाचारों को कवर करता है। हमारी टीम वाणिज्यिक विज्ञापन वीडियो सामग्री बनाने में भी माहिर है।

Badi Khabar

खजुराहो में केन बेतवा नदी जोड़ो परियोजना का शिलान्यास, ओंकारेश्वर में देश का पहला फ्लोटिंग सोलर पॉवर प्रोजेक्ट शुरू

Blog Image
175

खजुराहो: मध्यप्रदेश में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का सपना साकार होने वाला है। अटल जी की 100वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खजुराहो में केन बेतवा नदी जोड़ो परियोजना का शिलान्यास किया। इसके साथ ही देश के पहले फ्लोटिंग सोलर पॉवर प्रोजेक्ट, ओंकारेश्वर का लोकार्पण भी हो गया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने अटल जी की स्मृति में स्मारक सिक्का और डाक टिकट भी जारी किया। साथ ही मध्यप्रदेश में 1,153 अटल ग्राम सेवा सदन का निर्माण शुरू किया गया।


केन बेतवा लिंक परियोजना से खुलेंगे समृद्धि के द्वार

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरूआत बुंदेलखंडी बोली में करते हुए कहा, "वीरों की धरती ई बुंदेलखंड पे रहबे बारे सबई जनन खों हमाई तरफ से हाथ जोड़के राम-राम पौंचे।" उन्होंने कहा कि देश के विकास में अटल जी का योगदान सदैव याद रखा जाएगा। वे सुशासन के प्रतीक थे। केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुंदेलखंड क्षेत्र की समृद्धि और खुशहाली के द्वार खुलेंगे। बुंदेलखंड क्षेत्र में बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष किया है, परंतु पूर्ववर्ती सरकारों ने जल संकट का कोई स्थाई समाधान नहीं निकाला। आजादी के सात दशक बाद भी राज्यों के बीच नदियों के जल के लेकर विवाद चलते रहे, परंतु उन्हें दूर करने का कोई ठोस प्रयास नहीं किया गया। जब अटल जी की सरकार बनी तो उन्होंने नदी जोड़ो के रूप में इसका स्थाई हल निकाला और उसका कार्य भी शुरू कर दिया गया, परन्तु 2004 के बाद वह बंद कर दिया गया। आज अटल जी का नदी जोड़ने का सपना मध्यप्रदेश की भूमि पर साकार होने जा रहा है।



प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि "मैंने बुंदेलखंड की बहनों और किसानों से जो वादा किया था, आज मैं 45 हजार करोड़ रूपये की सिंचाई परियोजना के साथ उसे पूरा करने आया हूं। आज यहां दौधन बांध का शिलान्यास हुआ है। इससे जो नहर निकलेगी वो लगभग 11 लाख हैक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई करेगी।"


मध्यप्रदेश पर्यटन में अव्वल

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मध्यप्रदेश पर्यटन में अव्वल है। एक अमेरिकी अखबार की रिपोर्ट के अनुसार मध्यप्रदेश दुनिया के 10 सबसे बड़े आकर्षक टूरिस्ट डेस्टिनेशन में शामिल है। हमारी सरकार देश-विदेश की पर्यटकों को सुविधाएं बढ़ा रही है। विदेशों के लिए ई-वीजा सुविधा प्रारंभ की गई है। G-20 की खजुराहो में हुई बैठक में एमपी टूरिज्म का प्रचार-प्रसार किया गया। देश में हेरिटेज और वाइल्डलाइफ टूरिज्म का विस्तार किया जा रहा है। इसकी मध्यप्रदेश में अभूतपूर्व संभावना है। केंद्र की स्वदेश दर्शन योजना के अंतर्गत ईको टूरिज्म और हेरिटेज टूरिज्म का विस्तार किया जा रहा है। गांधी सागर, बाणसागर, इंदिरा सागर, ओंकारेश्वर, सांची, खजुराहो, ग्वालियर ओरछा, चंदेरी, मांडू आदि पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। केन-बेतवा योजना की लिंक नहर के माध्यम से पन्ना टाइगर रिजर्व में पर्यटन बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे।



प्रधानमंत्री मोदी आधुनिक युग के भगीरथ

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी मध्यप्रदेश के संदर्भ में आधुनिक युग के भगीरथ हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार राजा भगीरथ के प्रयासों से अवतरित हुई गंगा जी ने सभी को नया जीवन प्रदान किया था, उसी प्रकार प्रधानमंत्री मोदी ने भारत में नए युग का सूत्रपात किया है। केन बेतवा लिंक परियोजना के शुभारंभ के साथ ही कुछ दिन पहले 35 हजार करोड़ रूपए लागत की पार्वती-काली सिंध-चंबल लिंक परियोजना का शुभारंभ ऐतिहासिक था। इन परियोजनाओं से चंबल, मालवा और संपूर्ण बुंदेलखंड क्षेत्र को पीने का पानी एवं सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी और उद्योग-धंधों को पानी मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की बुंदेलखंड क्षेत्र में पूर्व में तीन यात्राएं हुईं। इन यात्राओं में उन्होंने बुंदेलखंड के कष्ट को समझा और आज क्षेत्र के लोगों को होली-दिवाली मनाने जैसी सौगातें प्रदान की।



समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिेंह चौहान, वीरेन्द्र खटीक, मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं राजेन्द्र शुक्ल सहित जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में जनसमुदाय उपस्थित रहा। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मध्यप्रदेश के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम की बाल्यवस्था की टेराकोटा से बनी मूर्ति और खजुराहो के कंदरिया महादेव मंदिर का शिल्प भेंट किया। भाजपा मध्यप्रदेश के अध्यक्ष वीडी शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी को अटल जी की मूर्ति भेंट की।


यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब करेंः https://www.youtube.com/@samacharsarthidotcom


वॉट्सएप चैनल देखें: https://whatsapp.com/channel/0029VatpncI6hENibVXnWA1p

Related Post